...

0 views

ब्रह्मा विष्णु महेश: सृष्टा के गणवेश
प्रश्न:
ब्रह्मा, विष्णु, महेश में से किन्हें सबसे बड़ा
देवता माना जाता है?

उत्तर:
✍🏼 सबसे बड़े देवता यानि साक्षात् परमात्मा तो आप स्वयं ही हैं, श्रीमान्!

ब्रह्मा, विष्णु और महेश तो आपके सेवक हैं, जो एक‌ ही जीवन —ऊर्जा के तीन स्वरूप हैं।

इस जीवन -ऊर्जा ने ब्रह्मा के रूप में आपको यह भौतिक स्वरूप प्रदान किया।

यही जीवन -ऊर्जा विष्णु के रूप में आपके भौतिक जीवन को संधारित किए‌ हुए है और संचालित कर रही हैं।

अन्त में यही जीवन-ऊर्जा महेश के रूप में आपको इस भौतिक स्वरूप से मुक्त कर देगी, ताकि- आप इस जीवन में किए गए अपने कर्मों के अनुसार नया भौतिक शरीर प्राप्त करने हेतु पुनः ब्रह्मा के सुपुर्द कर दिए जा सकें।

यही क्रम तब तक चलता रहेगा, जब तक आपकी चेतना इतनी परिपक्व न हो जाए, जो कि- आपकी समझ में क्रांतिकारी परिवर्तन लाकर आपको अपने वास्तविक परमात्म-स्वरूप से परिचित करा‌ देने में सक्षम हो सके।

अपने सत्य-स्वरूप का दर्शन होते ही, आप अपने मन के द्वारा उठाए गए ऐसे प्रश्नों की मूढ़ता और निरर्थकता पर मुस्कराए बिना नहीं रहेंगे।

और ब्रह्मा विष्णु महेश (त्रिमूर्ति) द्वारा रचित सुख-दु:ख के माया-चक्र से बाहर निकल कर परमानंद में चिरविश्राम प्राप्त कर लेंगे।

परमात्मा करें, वह शुभ घड़ी आपके इसी जन्म में आपको उपलब्ध हो जाए।

🙏♥️🙏