...

25 views

"पथ प्रगति का"..।।
हिम्मत, मेहनत  से बनने वाला,
हौसलों की उड़ान भरने वाला,
आसमान से भी ऊंचा है!!
यह 'कांटो' से भरा "पथ प्रगति का"..।।

चुनौतियां हैं, संघर्ष भी है
शांति का इसमे स्पर्श भी है,
लक्ष्य है, विश्वास भी है
जीत का इसमें एहसास भी है..।
समय के साथ चलने वाला,
जुनून की ज्वाला में जलने वाला,
नियमो का पक्का है!!
यह 'सपनों' से भरा "पथ प्रगति का"..।।

धैर्य है, बलिदान भी है
हर तरफ आत्मसम्मान भी है,
गलतियां हैं तो सीख भी है
परिश्रम से भरी चीख भी है..।
घमंड को चूर करने वाला,
दुखों को दूर करने वाला,
बाधाओं से लड़ता है!!
यह 'उत्साह' से भरा "पथ प्रगति का"..।।

त्याग है, तनाव भी है
छालों से छलनी पांव भी है,
उलझन है, घबराहट भी है
चमकते भविष्य की आहट भी है..।
मंजिल की आशा रखने वाला,
सही-गलत को परखने वाला,
सत्य का साथी है!!
यह 'सच्चाई' से भरा "पथ प्रगति का"..।।

अनुशासन है, अनुराग भी है
प्रतिभा से निर्मित चिराग भी है,
दर्द है, पसीना भी है,
हंसकर आंसू पीना भी है..।
जीवन को दिशा दिखाने वाला,
हर मोड़ पर कुछ नया सिखाने वाला,
एक सुहाना सफर है!!
यह 'अनुभव' से भरा "पथ प्रगति का"..।।
                                       ✍️—सौम्या तिवारी


© soumya.tiwari