...

3 views

कोहिनूर का रहस्य
कोहिनूर हीरा अपने आकार और खूबसूरती के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। जब से भारत में इसकी खोज हुई तब से यह एक शासक से दूसरे के पास पहुंचता रहा। फिर चाहे फारसी हों मुगल अफगानिस्तान या फिर पंजाब। आखिर में यह ब्रिटेन के पास आया और आज तक वहीं है। कोहिनूर भले ही दुनियाभर में मशहूर जरूर है लेकिन इसके साथ श्राप की कहानी भी जुड़ी है।
कोहिनूर हीरा दुनियाभर में अपने बड़े आकार और कट के लिए मशहूर है। ऐसा कहा जाता है कि मूल रूप से यह लगभग 793 कैरेट का था और अब यह 105.6 कैरेट का रह गया है। कोहिनूर के बड़े आकार की वजह से इसे एक समय में दुनिया का सबसे बड़ा हीरा माना जाता था। कोहिनूर हीरा ब्रिटेन के शाही ताज का हिस्सा है, जो मौजूदा समय में किंग चार्ल्स तृतीय और महारानी कॉन्सोर्ट कैमिला की विरासत का हिस्सा है।
पिछली कुछ शताब्दियों में कोहिनूर हीरा एक शासक से दूसरे शासक के पास पहुंचा है। दक्षिण भारत का यह हीरा पहले मुगल शासकों के पास पहुंचा, फिर अफगानिस्तान से पंजाब और अब ब्रिटेन के शाही परिवार के पास है।
फ़ारसी भाषा में कोहिनूर का मतलब होता है रोशनी का पहाड़ (Mountain of light)। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनियाभर में मशहूर यह हीरा सिर्फ महिलाओं को ही रास आता है, लेकिन अगर किसी पुरुष के पास ये चला जाता है तो उसे कई सारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और किस्मत उससे रूठ जाती है। हाल ही में शाही पैलेस की ओर से बताया गया कि किंग चार्ल्स के एक तरह के कैंसर से पीड़ित होने का पता चला है। जिसके बाद से कोहिनूर से जुड़ा श्राप एक बार फिर चर्चा में आ गया है। तो आइए जानते हैं कोहिनूर से जुड़े बैड लक के बारे में।
कोहिनूर का पहला मालिक कौन था?
ऐसा कहा जाता है कि कोहिनूर न तो कभी बेचा गया और न ही खरीदा। इसे या तो तोहफे में दिया गया या फिर युद्ध में जीता गया। बीते 800 सालों से कोहिनूर एक राजा से दूसरे राजा के पास घूमता रहता है। जब से इसकी खोज हुई है, तब से इसकी कहानी रोमांच से भरी हुई है।
ऐतिहासिक प्रमाणों के अनुसार, कोहिनूर गोलकुंडा की खान से निकला था, जो आंध्र प्रदेश में है और दुनिया की सबसे प्राचीन खानों में से एक है। इसके बाद यह खिलजी शासकों के पास पहुंच गया, जिनसे मुगलों ने इसे छीन लिया। फिर ईरानी शासक नादिर शाह ने दिल्ली को लूटा और मुगलों से तख्त-ए-ताऊस के साथ कोहिनूर भी छीनकर भारत से बाहर ले गया। फिर कई सालों तक कोहिनूर भारत के बाहर ही रहा। जिसके बाद 1813 में सिख महाराजा रणजीत सिंह ने अफगान दुर्रानी राजवंश को हराया और इसे फिर भारत वापस ले आए। लेकिन इसके बाद भी कोहिनूर ज्यादा समय भारत में नहीं रह सका। 1839 में जैसे ही अंग्रेजों को राजा रणजीत सिंह के निधन की खबर मिली, उन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी पर कोहिनूर को इंग्लैंड लाने पर जोर डालना शुरू कर दिया। 1849 में अंग्रेजों ने रणजीत सिंह की पत्नी रानी जिंदन को जेल में डाल दिया और उनके 11 साल के बेटे से जबरदस्ती लाहौर की संधि पर हस्ताक्षर करवाए। यानी आखिर में कोहिनूर अंग्रेजों के हाथ लगा और आज तक उनके ताज की शान बढ़ा रहा है।
कोहिनूर और श्राप से जुड़ी कहानियां
पूरा इतिहास देखें तो जब से कोहिनूर हीरा मिला, तब से यह एक शासक से दूसरे शासक के बीच घूमता रहा। हिंदू से लेकर फ़ारसी, मुगल, अफगान और सिख जैसे कई तरह के शासकों के पास कोहिनूर रहा, लेकिन इन सभी में एक बात आम रही है, ऐसा माना जाता है कि जिस भी राजकुमार या राजा के पास कोहिनूर होता था, वह अंततः अपनी शक्ति या जीवन खो देता था।
शायद इंग्लैंड के शाही को भी कोहिनूर के श्राप के बारे में पता था, जो कई लोग मानते भी थे। यही वजह थी कि अभी तक कोहिनूर किसी भी पुरुष ताज का हिस्सा नहीं बना था। 2022 में महारानी एलिजाबेथ की मृत्यु के बाद, किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए, क्वीन कॉन्सोर्ट कैमिला ने अपने और किंग चार्ल्स III के राज्याभिषेक समारोह के दौरान ताज को पहनने से परहेज किया।

कोहिनूर की खोज भले ही सदियों पहले हुई थी, लेकिन आज भी यह दुनियाभर में मशहूर है। साथ ही इससे जुड़े किस्से और कहानियों में लोगों की दिलचस्पी और यकीन बना हुआ है।

© @मेरी कलम (Ashish Pandey)