...

12 views

आपबीती
ये कहानी जिसका वर्णन हम आज यहां आप सभी पाठकों के समक्ष करने वाले हैं, ये दरअसल एक सत्य घटना पर आधारित है।
एक लड़की थी बिल्कुल साधारण सी, कालेज की पढ़ाई पूरी करने के पश्चात उसका विवाह कर दिया जाता है। सब कुछ बिल्कुल सही चल रहा था,वो लड़की भी अपनी ज़िंदगी में और अपने नये परिवार में बेहद ख़ुश थी। समय का कालचक्र चलता रहा और विवाह के कुछ वर्षों बाद उस लड़की के जीवन में एक ऐसा मोड़ आया कि वो ख़ुद को असहाय और पीड़ित मानने पर मजबूर हो गयी।
दरअसल आफिस में काफी व्यस्तता होने के कारण,उसका पति, उसके साथ समय नहीं दे पाता था। परिवार जन भी अपने अपने में मशरूफ रहते थे, किसी को किसी की पड़ी नहीं थी। फिर एक समय ऐसा आया जब उस लड़की को मोबाइल फोन का चस्का लगा और यूं कहें कि फोन उसकी दुनिया बन कर रह गई थी। वो अपना सारा काम निपटा कर,दिन भर फोन में समय बिताने लगी। शायद उसे आने वाले तूफान का अंदेशा नहीं था। इसी फोन के चलते उसका ज़्यादा समय आनलाइन निकलने लगा। बात यहां तक आ पहुंची कि फोन के बिना वो बिल्कुल उदास और मुरझाई सी रहने लगी। पति के स्नेह और लगाव से वंचित,वो लड़की आनलाइन अपने दिल की बात अनजान लोगों के साथ साझा करने लगी,इस भय से अनजान कि कल को उसकी यही गलती उसे ले डूबेगी।
शायद उसने कभी ये नहीं सोचा था होगा कि कल को ये अजनबी,इसे डराएंगे, धमकाएंगे और अपना उल्लू सीधा करने के बाद,उसे अधमरा कर छोड़ जाएंगे और आप सभी को ये जान कर बिल्कुल भी ताज्जुब नहीं होगा कि उस लड़की को अपनी मासूमियत का खामियाजा कुछ ऐसे ही भुगतना पड़ा।
अनजान लड़कों के फोन काल्स, मैसेजस उसे आए दिन परेशान करने लगे। वो एक ऐसी स्थिति में पड़ गयी थी कि जिसका जिक्र वो अपने पति से भी नहीं कर सकती थी। फिर क्या था, कुछ महीने वो ऐसे ही भय और चिंता के साए में घुट घुट कर जीने लगी, और तो और, उसकी स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मानसिक तनाव से ग्रस्त मरीज़ बन गई। कयी बार उसने ख़ुद को ख़त्म करने के बारे में भी सोचा पर कभी ऐसा कर नहीं पाई।
फिर कहीं से एक मसीहा उसकी ज़िंदगी में आया, ईश्वर का दूत बन कर, उसने उस लड़की को न सिर्फ ज़िंदगी का मकसद समझाया बल्कि उसे मानसिक तौर पर इतना मज़बूत भी किया कि आज के तारीख में वो लड़की किसी से नहीं डरती। साथ ही में उस भले आदमी ने उस लड़की को आनलाइन का सही उपयोग कैसे करना है, ये भी समझाया। अब वो लड़की बिल्कुल निडर, आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में ख़ुश है,पति भी अब उसके साथ समय बिताते हैं और पूरा परिवार अब एक खुशहाल जिन्दगी जी रहा है।

आशा करती हूं आप सभी को पसंद आए
धन्यवाद 🙏


© Aphrodite